मुंबई: देश के अलग-अलग शहरों से आग लगने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। बेंगलुरु में क्रांतिवीर संगोली रायण्णा (KSR) बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी ट्रेन की एक खाली बोगी में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। वहीं मुंबई के गोरेगांव में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मेट्रो स्टेशन के नीचे एक टूरिस्ट बस आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ग्वालियर से भोपाल जा रही वीडियो कोच बस में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

बेंगलुरु रेलवे यार्ड में खड़ी बोगी में लगी आग

KSR बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन के यार्ड में रविवार रात करीब 11 बजे एक ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गई। घटना के समय बोगी खाली थी, जिसके चलते किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, रेलवे के एक कर्मचारी ने खड़ी बोगी से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल फायर और इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे आग को आसपास की पटरियों और दूसरी बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर बिजली की खराबी की संभावना भी जांच के दायरे में है।

मुंबई में मेट्रो स्टेशन के नीचे टूरिस्ट बस में आग

मुंबई के गोरेगांव में शुक्रवार शाम वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मेट्रो स्टेशन के नीचे एक टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। बताया गया कि बस में तकनीकी खराबी आने के बाद ड्राइवर नीचे उतरा था। इसके बाद अचानक धमाके के साथ बस में आग फैल गई।

देखते ही देखते बस से घना धुआं निकलने लगा और यह धुआं ऊपर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया। स्टेशन पर धुआं भरने के कारण यात्रियों को नीचे जाने के लिए कहा गया। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस और मेट्रो अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्टेशन से धुआं पूरी तरह निकलने तक सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो ट्रेनों को वहां नहीं रोका गया।

ग्वालियर में चलती बस में लगी आग, 25 यात्री थे सवार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात ग्वालियर से भोपाल जा रही वीडियो कोच बस में अचानक आग लग गई। घटना चेतक पुरी इलाके में विवेकानंद तिराहे के पास हुई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की। इस दौरान यात्रियों का सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव दल पहुंचा तथा आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फिलहाल इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।