Chhattisgarh Surajpur News: प्रतापपुर: नगर पंचायत प्रतापपुर के वार्ड क्रमांक 13 में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान से करीब एक सप्ताह पुराना शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी करीब 60 वर्षीय शोभाराम पिता चालूराम के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शोभाराम नगर पंचायत के स्वागत गेट के पास सरकारी जमीन पर बने मकान में लंबे समय से रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। दुर्गंध बढ़ने पर आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। बताया जा रहा है कि मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

बिस्तर पर मिला शव

पुलिस को मकान के अंदर बिस्तर पर शोभाराम का शव सड़ी-गली हालत में मिला। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

साथ रहने वाला व्यक्ति गायब

बताया जा रहा है कि शोभाराम के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मकान में रहता था, लेकिन शव मिलने के बाद से वह मौके पर मौजूद नहीं है। उसके गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।

कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अब मृतक के साथ रहने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विशेषज्ञों की मदद से मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।