MP Latest News: भोपाल: मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वीडियो में मंत्री प्रहलाद पटेल मंच से भाषण देते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान मंच के नीचे बैसाखी के सहारे एक दिव्यांग बुजुर्ग पहुंचता है और मंत्री को आवाज लगाता दिखाई देता है।

वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बुजुर्ग के मंच के पास पहुंचने के बावजूद मंत्री अपना भाषण जारी रखते हैं। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचता है और बुजुर्ग को मंच के पास से हटा देता है। वीडियो में मंत्री की ओर से इस दौरान बुजुर्ग से बातचीत करते हुए नहीं देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि जनता के बीच रहने वाले जनप्रतिनिधियों को आम लोगों की समस्याओं और उनकी बात सुनने के लिए कितना संवेदनशील होना चाहिए। वीडियो को लेकर यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि जब एक बुजुर्ग दिव्यांग व्यक्ति मंच के पास पहुंचकर मंत्री को आवाज दे रहा था, तो उसकी बात क्यों नहीं सुनी गई।

मंत्री की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं

हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो किस स्थान और किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि भी इस स्तर पर नहीं हुई है। ऐसे में वीडियो के पूरे संदर्भ और घटना की परिस्थितियों को लेकर मंत्री या संबंधित आयोजकों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।