Chhatarpur Students Protest: छतरपुर: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजा कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बस किराए में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राएं छतरपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर और चौबे तिराहे पर पहुंचे। यहां छात्रों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

जैसे ही छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पुलिस को लगी। सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाइश दी। जिसके बाद छात्रों को सड़क से हटाकर कलेक्ट्रेट कार्यालय के गेट के बाहर बैठाया गया। छात्र हाथों में पोस्टर लेकर जमकर नारेबाजी करते दिखे।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग

छात्र-छात्राओं का कहना है कि बस किराए में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर उनकी पढ़ाई और रोजाना कॉलेज आने-जाने के खर्च पर पड़ेगा। बढ़े हुए किराये से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा जिसे लेकर छात्र नाराज हैं। इसी मांग को लेकर छात्र-छात्राएं बढ़ा हुआ किराया वापस लेने की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरने पर बैठे।

छात्रों ने सरकार को दी चेतावनी

छात्र ​अनिल यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बसों के किराये में बढ़ोतरी के खिलाफ हमने नाराजगी जाहिर की एवं सराकर के फैसले का विरोध जताया है। हम सभी छात्रों के मिलकर बसों के किराये को कम किया जाए, इस मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया है। इसके अलावा छात्रों ने सरकार को चेतावनी भी दी कि अगर एक सप्ताह में अगर बसों का किराया कम नहीं होता, तो छात्र उग्र आंदोलन करेंगे।

फिलहाल छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के सामने आवाज बुलंद कर रहे हैं। अब देखना होगा कि छात्रों के इस विरोध के बाद प्रशासन और सरकार की ओर से बस किराया बढ़ोतरी को लेकर क्या फैसला लिया जाता है।