MP Damoh News: दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकायत के आधार पर डोमिनोज पिज्जा सेंटर का निरीक्षण कर कार्रवाई की है। सोमवार को खाद्य विभाग की टीम सेंटर पहुंची, जहां निरीक्षण के दौरान किचन में कई खामियां सामने आईं। विभाग ने सेंटर का लाइसेंस सस्पेंड करते हुए प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं, चीज, सॉस और क्रीम के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने किया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया के अनुसार, 12 सितंबर को विभाग को शिकायत मिली थी कि डोमिनोज पिज्जा सेंटर की ओर से एक ग्राहक को वेज की जगह नॉनवेज पिज्जा डिलीवर किया गया। शिकायत में पिज्जा से अजीब तरह की दुर्गंध आने की बात भी कही गई थी। ग्राहक ने मामले की लिखित शिकायत खाद्य विभाग में दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने सोमवार को डोमिनोज सेंटर का निरीक्षण किया।
एक ही किचन और फ्रीजर में तैयार हो रहा था वेज-नॉनवेज फूड
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम को सेंटर में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को लेकर कई कमियां मिलीं। अधिकारी के मुताबिक दोनों तरह के फूड एक ही किचन में तैयार किए जा रहे थे। इसके अलावा वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही फ्रीजर और ओवन का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई।
विभाग के अनुसार दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों की पैकिंग भी एक ही स्थान पर की जा रही थी। खाद्य विभाग ने इन व्यवस्थाओं को नियमों के उल्लंघन से जुड़ा मामला बताया है।
चीज, सॉस और क्रीम के सैंपल जांच के लिए भेजे
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने सेंटर से चीज, सॉस और क्रीम के नमूने लिए। इन सभी सैंपलों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस सस्पेंड, प्रबंधन से मांगा जवाब
निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने डोमिनोज पिज्जा सेंटर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही सेंटर प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। खाद्य विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट और सेंटर प्रबंधन के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
