महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के सुगिरा गांव में सोमवार सुबह उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब मंदिर परिसर के पास पहले एक विशाल सांप दिखाई दिया और कुछ देर बाद उसी स्थान पर जमीन से शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा निकली हुई नजर आई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू कर दी।
सांप दिखने के बाद ग्रामीणों में बढ़ी हलचल
मामला कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र के सुगिरा गांव का है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे गांव के रहने वाले अंकित कुशवाहा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर मंदिर के पास घूम रहे एक विशाल सांप पर पड़ी। अचानक सांप को देखकर अंकित घबरा गए और वहां से निकलकर उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कई ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए, लेकिन तब तक सांप वहां से जा चुका था। ग्रामीणों को आशंका थी कि सांप कहीं आसपास छिपा हो सकता है, इसलिए उन्होंने मंदिर के आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान जमीन पर नजर आया शिवलिंग और नंदी
ग्रामीण जब सांप की तलाश कर रहे थे, तभी उनकी नजर जमीन पर पड़ी। यहां शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा जमीन से बाहर निकली हुई दिखाई दी। प्रतिमाओं को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भगवान शिव के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में शिवलिंग और नंदी के जमीन से दिखाई देने की खबर पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचने लगे।
पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
घटना के बाद श्रद्धालुओं ने शिवलिंग और नंदी की पूजा-अर्चना शुरू कर दी। ग्रामीण इस घटना को आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
फिलहाल शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा जमीन से किस वजह से दिखाई दी, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, घटना के बाद सुगिरा गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और मंदिर परिसर में लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
