नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) गुरुवार को अपना 15वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी की ओर से पंजाब के मोगा में मेगा रैली आयोजित की जा रही है। रैली में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक मंच पर नजर आ सकते हैं। साल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस आयोजन पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं।

स्थापना दिवस के अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पार्टी के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि गठन के समय आम आदमी पार्टी पर कई सवाल उठाए गए थे, लेकिन पार्टी न केवल बनी रही, बल्कि देशभर में लोगों का विश्वास और प्यार भी हासिल किया।

‘हम पर सवाल उठे, लेकिन हम टिके भी रहे’

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने बहुत कम समय में लंबा सफर तय किया है। जब पार्टी बनी थी, तब सवाल उठाए गए थे कि क्या यह कुछ कर पाएगी और कितने दिन टिकेगी। राजनीति की समझ को लेकर भी सवाल किए गए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इन सवालों के बीच अपनी पहचान बनाई। दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाई और जम्मू-कश्मीर, गोवा तथा गुजरात तक लोगों का विश्वास और समर्थन हासिल किया।

‘हमने राजनीति को बदल दिया’

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने काम की राजनीति की और शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा, “हमें राजनीति बदल नहीं पाई, बल्कि हमने राजनीति को बदल दिया।” उन्होंने आगे कहा कि देश के लिए अभी बहुत काम करना बाकी है। पार्टी न डरेगी और न पीछे हटेगी। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मोगा में AAP की मेगा रैली, जुटेंगे समर्थक

स्थापना दिवस के अवसर पर पंजाब के मोगा में आयोजित मेगा रैली में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ चुनाव के लिए घोषित सभी 71 उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है। पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से समर्थकों और हल्का इंचार्ज के मोगा पहुंचने की बात कही गई है।

रैली में पेश हो सकता है मान सरकार का रिपोर्ट कार्ड

मोगा की रैली में भगवंत मान सरकार अपने पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकती है। पार्टी मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे में रैली के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर घोषणाएं किए जाने की संभावना जताई जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने भी रैली को लेकर लोगों में उत्साह होने की बात कही है। पार्टी को उम्मीद है कि इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।