नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में ‘सेवा दूत अभियान’ शुरू करने जा रही है। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत बीजेपी के बड़े नेता और कार्यकर्ता 25 दिनों तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर सीधे जनता से संवाद करेंगे। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान की कोशिश की जाएगी। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को इस अभियान का संयोजक बनाया गया है।

‘सेवा दूत अभियान’ के तहत बीजेपी के वरिष्ठ नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों तक रहेंगे। इस दौरान वे गांवों, कस्बों और शहरी इलाकों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं की स्थिति जानना और यह पता लगाना है कि पात्र लोगों को उनका कितना लाभ मिल रहा है। नेता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को भी समझेंगे।

घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे सेवा दूत

इस अभियान में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ विशेष रूप से नियुक्त ‘सेवा दूत’ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वे विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों, गांवों और वार्डों में जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की करेंगे पहचान

अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य ऐसे लोगों की पहचान करना है, जो सरकारी योजनाओं के लिए पात्र होने के बावजूद उनका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। सेवा दूत ऐसे लोगों को चिह्नित करेंगे और योजनाओं में उनका पंजीकरण कराने में मदद करेंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंच सके।

जनता की समस्याएं और सुझाव सरकार तक पहुंचाएगी BJP

अभियान के दौरान सेवा दूत और पार्टी कार्यकर्ता आम लोगों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को दर्ज करेंगे। इन शिकायतों और सुझावों को प्रशासन तथा सरकार तक पहुंचाया जाएगा। बीजेपी का प्रयास रहेगा कि लोगों की समस्याओं का समाधान कराया जाए। इसके जरिए पार्टी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जनता से सीधा फीडबैक भी जुटाएगी।

चुनावी राज्यों पर रहेगा विशेष फोकस

‘सेवा दूत अभियान’ के दौरान उन राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत अन्य चुनावी राज्यों में बीजेपी के बड़े नेताओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी इस अभियान के माध्यम से इन राज्यों में जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया जानने की तैयारी कर रही है।

बिहार से महाराष्ट्र तक अभियान की तैयारियां तेज

अभियान को सफल बनाने के लिए कई राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। बिहार, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र में इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जम्मू-कश्मीर में सेवा दूतों को उनके गृह जिलों से अलग विधानसभा क्षेत्रों में तैनात करने की योजना है। इसके अलावा प्रत्येक मंडल में उन्हें कम से कम पांच दिन बिताने होंगे, ताकि वे स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझ सकें।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर देश-विदेश से उन्हें बधाइयां मिली थीं। अब बीजेपी इस अवसर पर 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक देशव्यापी ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने जा रही है।