Gold Adulteration: अगर आप सोना खरीदने जा रहे हैं तो थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है। सोने में चीन से आयात होने वाली रेनियम नाम की धातु या उसके पाउडर की मिलावट किए जाने को लेकर रिपोर्ट सामने आई हैं। दावा किया जा रहा है कि इस धातु को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा सकता है और ग्राहकों को धोखा दिया जा सकता है। हालांकि, इस तरह की मिलावट से बचने और सोने की शुद्धता की जांच कराने के तरीके भी मौजूद हैं।
ज्वेलर्स एसोसिएशन ने दी मिलावट को लेकर चेतावनी
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन ने बताया कि इन दिनों सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक, चीन से आयात होने वाली रेनियम धातु के पाउडर को सोना पिघलाते समय उसमें मिलाया जाता है, ताकि उसका वजन बढ़ाया जा सके।
कुमार जैन ने दावा किया कि इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जा सकता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है।
कंप्यूटराइज्ड मशीन से हो सकती है सोने की जांच
कुमार जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के माध्यम से सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिल सकती है। उन्होंने जांच की रिपोर्ट दिखाने के साथ 24 कैरेट शुद्ध सोने का प्लेट भी दिखाया और बताया कि किस तरह से मिलावट की जा सकती है।
सोना खरीदते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान
सोने में मिलावट की आशंका से बचने के लिए ग्राहकों को खरीदारी के दौरान कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
- सोना खरीदते समय उसकी हॉलमार्किंग जरूर देखें।
- हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन यानी HUID नंबर की जांच करें।
- सोने की कंप्यूटराइज्ड प्योरिटी टेस्टिंग जरूर कराएं।
- ज्वेलर से टेस्टिंग की लिखित रिपोर्ट और सर्टिफिकेट मांगें।
- हमेशा भरोसेमंद और प्रतिष्ठित ज्वेलर्स से ही सोना खरीदें।
कुमार जैन के अनुसार, मुंबई जैसे बड़े शहरों में कंप्यूटराइज्ड जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों में ऐसी सुविधाओं की कमी हो सकती है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक किसी बड़े शहर में जाकर विश्वसनीय ज्वेलर के यहां सोने की जांच करा सकते हैं।
सस्ते सोने का लालच देने वाले एजेंटों से रहें सावधान
कुमार जैन ने माना कि सोने में मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आने के बाद ग्राहकों के मन में शंकाएं पैदा हुई हैं। ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन ने अपने सभी ज्वेलर्स और व्यापारियों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। एसोसिएशन ने कहा है कि यदि कोई एजेंट सस्ते दाम पर सोना देने या इस तरह की मिलावट करने का प्रस्ताव लेकर आता है तो उसके झांसे में न आएं। ऐसे लोगों की जानकारी तुरंत पुलिस या एसोसिएशन को दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
सोने में मिलावट की खबरों से ग्राहकों में चिंता
सोने में मिलावट की खबरों के बाद ग्राहकों में भी चिंता देखने को मिल रही है। कुछ ग्राहकों का कहना है कि वे वर्षों से मुंबई में अपने भरोसेमंद ज्वेलर्स से ही सोना खरीदते आए हैं। वहीं, ग्राहकों ने सरकार और ज्वेलर्स एसोसिएशन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और लोगों का भरोसा बनाए रखने की मांग की है।
फिलहाल ज्वेलर्स एसोसिएशन ने व्यापारियों को सतर्क रहने और ग्राहकों को जागरूक करने की पहल शुरू की है। कुमार जैन ने कहा कि ग्राहकों को सावधान रहने की जरूरत है, लेकिन डरने की आवश्यकता नहीं है।
सोने-चांदी की कीमतों में भी आई बड़ी गिरावट
वहीं, कीमतों की बात करें तो 20 नवंबर को सोने और चांदी के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत 4,715 रुपये यानी 3.70 फीसदी गिरकर 1,22,737 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। वहीं, चांदी का भाव 8,269 रुपये यानी 5.25 फीसदी टूटकर 1,49,213 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
