भोपाल: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शराब पीने से दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जहरीली शराब से मौतों के इस मामले ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति गरमा दी है। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।
उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सागर में एक बार फिर जहरीली शराब से मौतें हुई हैं, लेकिन भाजपा सरकार अब भी बेखबर है। सिंघार के मुताबिक, बंडा के सेमरा रामचंद्र में डीसीआर की लाल मसाला शराब पीने से दो लोगों की मौत हुई है। उन्होंने इस घटना को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
शराब माफियाओं को संरक्षण कौन दे रहा है?: सिंघार
उमंग सिंघार ने दावा किया कि सागर में पहले 36 से ज्यादा मौतें हुईं, देवास में 13 लोगों की जान गई और अब दो और लोगों की मौत हो गई है। उनके अनुसार, ढाई महीने में जहरीली शराब से करीब 51 मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जहरीली शराब के कारोबार पर कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित है? आखिर शराब माफियाओं को संरक्षण कौन दे रहा है?
सीएम मोहन यादव से पूछे सवाल
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए पूछा कि इतनी मौतों के बावजूद शराब माफियाओं पर लगाम क्यों नहीं लग रही है? पहले की गई कार्रवाई क्या सिर्फ दिखावा थी? उन्होंने यह भी सवाल किया कि अब तक आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और आखिर कितनी मौतों के बाद सरकार जागेगी?
देसी शराब पीने के बाद बिगड़ी दोनों की तबीयत
जानकारी के अनुसार, सागर जिले के ग्राम सेमरा गोपालमन निवासी दोनों व्यक्ति गुरुवार सुबह बंडा स्थित सरकारी शराब दुकान से देसी शराब खरीदकर लाए थे। शराब पीने के कुछ देर बाद ही उन्हें सिरदर्द, उल्टियां और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों की मौत हो गई।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल शराब के सेवन और दोनों व्यक्तियों की मौत के बीच संबंध की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस घटना के बाद एक बार फिर प्रदेश में जहरीली शराब के कारोबार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
