प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के कुंडा में आयोजित चार दिवसीय श्रीराम कथा के समापन अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कथा रोकने वालों की ठठरी बंध गई। धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि देश और धर्म की रक्षा के लिए सनातनियों को एक होना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू एकता के लिए वे गोली खाने को भी तैयार हैं।
कथा के अंतिम दिन धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कुछ लोग हिंदुओं को आपस में लड़वाना चाहते हैं। उन्होंने गोपाष्टमी का जिक्र करते हुए कहा कि दो दिन पहले गोपाष्टमी थी, लेकिन जो लोग कृष्ण भक्त बन रहे थे, उन्होंने गौ पूजन नहीं किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को आपस में बांटने की कोशिश की जा रही है। ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि हिंदू एकता जरूरी है।
हिंदुओं की एकता के लिए गोली खाने को तैयार हूं: धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री ने कथा के दौरान हिंदुओं से जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, “क्या राजा और क्या प्रजा, एक जगह बैठकर हम सभी हिंदू एक हैं। जात-पात की करो विदाई, हम सभी हिंदू भाई-भाई।” उन्होंने कहा कि पहले ही दिन वाल्मीकि समाज की आरती से एकता का संदेश मिल गया था। कथा और उत्सव में हर वर्ग के लोग शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए सनातनियों को एक होना पड़ेगा। सनातनी बचेगा तो देश बचेगा, धर्म बचा रहेगा और संविधान की रक्षा होगी। उनके मुताबिक, विदेशी ताकतें देश को तोड़ने और हिंदुओं को आपस में लड़ाने में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सभी सनातनियों का संकल्प एकजुट रहने का होना चाहिए।
अखिलेश यादव के बयानों पर इशारों में पलटवार
धीरेंद्र शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर भी बिना नाम लिए प्रतिक्रिया दी। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक बयान नहीं देते। उन्होंने कहा कि इस देश में कानून और संविधान के रहते किसी की इतनी सामर्थ्य नहीं है कि कहीं भी कथा रोक सके। उन्होंने कहा कि कथा को लेकर इतना विरोध होने का सबसे बड़ा कारण भी यही है।
राजा भैया ने भी धीरेंद्र शास्त्री के विरोधियों को घेरा
कार्यक्रम के आयोजक और कुंडा विधायक राजा भैया ने भी कथा के समापन अवसर पर धीरेंद्र शास्त्री के विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हिंदुओं के बीच ‘डिवाइड एंड रूल’ की नीति अपनाना चाहते हैं। बाबा हिंदुओं को जोड़ने का काम करते हैं, इसलिए उन पर हमले किए जाते हैं। राजा भैया ने कहा कि अंग्रेजों ने भी बांटो और राज करो की नीति अपनाई थी और आज भी कुछ लोग इसी तरीके से हिंदुओं को बांटने का प्रयास कर रहे हैं।
राजा भैया खुद कार चलाकर बाबा को हेलीपैड तक छोड़ने पहुंचे
कुंडा में पिछले चार दिनों से चल रही श्रीराम कथा का समापन हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हुआ। कथा समाप्त होने के बाद राजा भैया ने खुद कार चलाई और धीरेंद्र शास्त्री को हेलीपैड तक छोड़ने पहुंचे। इस दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बाबा का स्वागत किया। हेलीपैड पर राजा भैया ने उन्हें भावुक विदाई दी। इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत भी हुई। इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री ने कथा के दौरान कहा था कि पहले यज्ञ में राक्षस हड्डियां डालते थे और अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं। उनके इस बयान की भी चर्चा रही।
