लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जहां इस दौरे पर सवाल उठा रही है, वहीं अयोध्या के कुछ साधु-संतों ने अखिलेश यादव से पहले माफी मांगने की मांग की है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने दौरे को लेकर प्रतिक्रिया दी है। सपा ने कहा है कि हाल के चुनाव में प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद मिला है, इसलिए उनका धन्यवाद देने अयोध्या तो जाना ही पड़ेगा।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट कर दौरे की वजह बताई। पार्टी ने लिखा, ‘जो हाल ही के चुनाव में प्रभु श्री राम जी ने आशीर्वाद दिया है अयोध्या से, उसका धन्यवाद देने तो जाना ही पड़ेगा।’ सपा की इस पोस्ट के बाद अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई है। पार्टी इस यात्रा को रामलला के दर्शन और आभार व्यक्त करने से जोड़कर पेश कर रही है।
महंत राजू दास ने जताया ऐतराज, पहले माफी मांगने की मांग
अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे पर अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गई थीं। इसके लिए अखिलेश यादव को पहले माफी मांगनी चाहिए, उसके बाद ही अयोध्या आना चाहिए। महंत राजू दास ने अखिलेश यादव को यह सलाह भी दी कि वे अयोध्या आने से पहले मथुरा जाएं और वहां राम मंदिर की तरह भव्य श्रीकृष्ण मंदिर बनाने का संकल्प लें।
अवधेश प्रसाद बोले- संतों को भड़का रही भाजपा
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर संतों को भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अयोध्या से आई थी और अयोध्या से ही जाएगी।
अखिलेश यादव के दौरे से पहले लखनऊ में उनके खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में PDA का नया अर्थ बताते हुए P को प्रायश्चित्त, D को दर्शन और A को आशीर्वाद बताया गया है। पोस्टर के जरिए सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधा गया है। इसमें लिखा गया है कि अयोध्या निहत्थे कारसेवकों के नरसंहार को नहीं भूली है।
ओवैसी ने भी अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी निशाना साधा है। मेरठ में आयोजित रैली के दौरान उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ठहरकर नमाज पढ़ा रहे हैं और अखिलेश यादव उस जगह जाने वाले हैं, जहां 400 साल तक नमाज पढ़ी गई।
ओवैसी ने सहारनपुर की मस्जिद और बहराइच में मदरसों को तोड़े जाने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव इन मामलों में वहां गए थे? उनके इस बयान के बाद अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक बहस में एक और मुद्दा जुड़ गया है।
12 दिसंबर को परिवार के साथ रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश
अखिलेश यादव का 12 दिसंबर को पूरे परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम है। हालांकि, उनके दौरे से पहले ही भाजपा नेताओं, साधु-संतों और विपक्षी नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है।
एक ओर समाजवादी पार्टी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रामलला के प्रति आभार जताने की बात कह रही है, वहीं दूसरी ओर महंत राजू दास और भाजपा की ओर से मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया जा रहा है। ओवैसी ने भी इस दौरे को लेकर अखिलेश यादव से सवाल किए हैं। ऐसे में 12 दिसंबर से पहले अयोध्या दौरे को लेकर सियासी हलचल जारी है।
