Indore News: इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सरकारी लोन दिलाने के नाम पर एक सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर के साथ करीब 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने रिटायर्ड एसआई के बेटे के व्यापार के लिए सरकारी लोन दिलाने का भरोसा दिया और प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपए ले लिए। लंबे समय तक लोन नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
राजेंद्र नगर पुलिस ने वीआईपी नगर निवासी 72 वर्षीय गोविंद सिंह तंवर की शिकायत पर सरताज अहमद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गोविंद सिंह तंवर पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर हैं। शिकायत के मुताबिक करीब आठ साल पहले उनकी पहचान सरताज अहमद से हुई थी। आरोपी ने खुद को सरकारी लोन दिलाने वाला एजेंट बताते हुए दावा किया था कि वह कई लोगों को लोन दिला चुका है।
बेटे के कारोबार के लिए 50-50 लाख के दो लोन का झांसा
अप्रैल 2018 में गोविंद सिंह के बेटे को व्यापार के लिए रकम की जरूरत थी। इस दौरान उन्होंने सरताज अहमद से संपर्क किया। आरोप है कि सरताज ने गोविंद सिंह और उनके बेटे के नाम पर 50-50 लाख रुपए के दो सरकारी लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने लोन की प्रक्रिया के लिए जरूरी दस्तावेज भी ले लिए।
प्रोसेसिंग के नाम पर किस्तों में लिए करीब 40 लाख
शिकायत के अनुसार आरोपी ने लोन की प्रक्रिया, प्रोसेसिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग समय पर रकम जमा करवाई। इस तरह किस्तों में कुल करीब 40 लाख रुपए आरोपी के पास पहुंच गए। इसके बावजूद लंबे समय तक लोन स्वीकृत नहीं हुआ।
कोरोना और बैंक प्रक्रिया का हवाला देकर टालता रहा
जब पीड़ित ने लोन की स्थिति पूछी और रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कोरोना काल, बैंकों में लोन प्रक्रिया प्रभावित होने और आर्थिक मंदी जैसे कारण बताते हुए मामला टाल दिया। काफी समय बीतने के बाद भी आरोपी की ओर से लोन नहीं कराया गया और न ही रकम वापस की गई।
फोन उठाना बंद किया, जांच के बाद FIR दर्ज
बाद में जब गोविंद सिंह ने पूरी रकम वापस लौटाने का दबाव बनाया तो आरोप है कि सरताज अहमद ने उनके फोन उठाना बंद कर दिए और संपर्क से बचने लगा। पीड़ित ने अपने बेटे के साथ मिलकर आरोपी को तलाशने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद परेशान होकर गोविंद सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत दी। पुलिस की जांच में शिकायत के आधार पर मामला सही पाए जाने के बाद राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने आरोपी सरताज अहमद के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
