रीवा: रीवा जिले की हिनौता ग्राम पंचायत में सरपंच का चुनाव जीतने के बाद सांसद जनार्दन मिश्रा के बेटे अंकुर मिश्रा का विजय जुलूस चर्चा में है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में अंकुर मिश्रा कार की सनरूफ से बाहर निकलकर समर्थकों के साथ जश्न मनाते और ‘दबदबा था, दबदबा है, दबदबा बना रहेगा’ गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनके विजय जुलूस की चर्चा शुरू हो गई है।

कार की सनरूफ से बाहर निकलकर मनाया जश्न

वायरल वीडियो में अंकुर मिश्रा कार की सनरूफ से बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वे हाथ हिलाते हुए समर्थकों का अभिवादन करते और गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ कई वाहन काफिले में चल रहे हैं, जबकि समर्थक भी जीत का जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।

366 वोट से जीता सरपंच का चुनाव

हिनौता ग्राम पंचायत का चुनाव अंकुर मिश्रा के लिए खासा चर्चा में रहा था। चुनाव प्रचार के दौरान वे गांव में साइकिल से घूमकर मतदाताओं से संपर्क करते और अपने लिए वोट मांगते नजर आए थे। अंकुर मिश्रा ने चुनाव प्रचार के दौरान खुद को सांसद का बेटा बताकर नहीं, बल्कि एक आम प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने की बात कही थी। चुनाव परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 366 वोटों से हराकर सरपंच पद पर जीत दर्ज की।

चुनाव के दौरान भी सामने आया था विवाद

चुनाव प्रक्रिया के दौरान भी अंकुर मिश्रा की ओर से प्रशासन को शिकायत दी गई थी। उन्होंने एक प्रस्तावक को कथित तौर पर दबाव में लेने का आरोप लगाया था। मामले को लेकर उन्होंने प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

जीत के बाद वीडियो ने खींचा ध्यान

अब चुनाव जीतने के बाद सामने आए विजय जुलूस के वीडियो ने अंकुर मिश्रा के जश्न को चर्चा में ला दिया है। वीडियो में समर्थकों की भीड़ और वाहनों के काफिले के बीच उनका जश्न मनाते हुए अंदाज नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।