भोपाल: मध्य प्रदेश की राजनीति में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नामांकन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उनकी उम्मीदवारी और नामांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया और अपने बयानों के जरिए सिंघार ने कई गंभीर आरोप लगाए और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी घेरा।
‘उत्तर प्रदेश में नहीं मिला टिकट तो एमपी आ गए’
उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि हरदीप पुरी को उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं मिला, जिसके बाद वे मध्य प्रदेश आ गए। कांग्रेस नेता ने एपस्टीन फाइल्स के खुलासे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री मीडिया से बचते हुए नामांकन भरने पहुंचे।सिंघार ने सवाल उठाया कि यदि उनका दामन पूरी तरह साफ है, तो मीडिया और जनता के सवालों से बचने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष पर भी निशाना
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष अपने ही उम्मीदवार को आगे नहीं कर पा रहे हैं।
सिंघार ने सवाल किया कि पार्टी की ऐसी कौन सी मजबूरी है, जिसके चलते उम्मीदवार को मुंह छिपाकर भागना पड़ रहा है? उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन तमाम सवालों का जवाब मांग रही है।
