MP Foundation Day 2026: भोपाल: मध्यप्रदेश आज अपना 71वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 15 जनवरी 2027 को देश का सेना दिवस समारोह राजधानी भोपाल में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी मध्यप्रदेश को मिलने पर मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्रालय सहित सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

सेना दिवस समारोह की मेजबानी मिलना गर्व की बात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की वीरता और शौर्य की गौरवगाथा बताने वाले ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी मध्यप्रदेश को मिलना गर्व का विषय है। यह प्रदेशवासियों के लिए भारतीय सेना के पराक्रम को नमन करने और जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सुनहरा अवसर होगा। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार और सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता से तैयारियों में जुटे हैं।

युवाओं और विद्यार्थियों के योगदान की सराहना

स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं और छात्र-छात्राओं के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने विभिन्न जिलों से मिट्टी के कलश लेकर उत्साहपूर्वक पहुंचे विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और राष्ट्र तथा प्रदेश के विकास में युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं के सक्रिय योगदान से मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को 71वें स्थापना दिवस की पुनः बधाई देते हुए समृद्ध, सशक्त और संवेदनशील मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में सभी नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।