डबरा: मध्य प्रदेश के डबरा नगर पालिका का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। एक बार फिर पार्षदों ने सिटी थाने में धरना देकर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। धरने से पहले पार्षदों और एसडीओपी सौरभ कुमार के बीच तीखी बहस भी हुई। इसके बाद भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे समेत भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान किया। कुल 30 पार्षदों के इस्तीफे की बात सामने आई है। मामला बढ़ता देख देर रात पूर्व मंत्री इमरती देवी भी थाने पहुंचीं और पार्षदों से बातचीत कर धरना समाप्त कराया।
छह पार्षदों को नोटिस मिलने के बाद भड़का विवाद
दरअसल, हाल ही में वार्ड नंबर 13 के पार्षद हीरा सिंह से जुड़े विवाद को लेकर पार्षदों ने सिटी थाने में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दिया था। इस दौरान पार्षदों ने झाड़ू लगाकर भी विरोध जताया था। इसी मामले में पुलिस ने छह पार्षदों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस जारी किए।
नोटिस मिलने के बाद पार्षद एक बार फिर थाने पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। पार्षदों ने कार्रवाई को गलत बताते हुए प्रदर्शन किया और देर रात तक थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने जमीन पर बैठकर खाना भी खाया।
एसडीओपी से तीखी बहस, थाने के बाहर बढ़ा तनाव
धरने के दौरान पार्षदों और एसडीओपी सौरभ कुमार के बीच तीखी बहस हुई। पार्षदों ने पुलिस के रवैए पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई वापस लेने और उनकी शिकायत पर सुनवाई की मांग की। विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में पार्षद थाने के बाहर ही डटे रहे।
एएसपी जयराज कुबेर से भी नहीं बनी बात
पार्षदों से बातचीत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर भी थाने पहुंचे। हालांकि पार्षदों ने उनके व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई और उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया। इसके बाद एएसपी वहां से चले गए।
30 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे से गरमाया मामला
पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे समेत भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा देने की बात कही। करीब 30 पार्षदों के इस्तीफे के ऐलान से नगर पालिका का विवाद और गहरा गया। पार्षदों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया और कार्रवाई एकतरफा तरीके से की गई।
इमरती देवी के पहुंचने पर खत्म हुआ धरना
मामले की जानकारी मिलने के बाद देर रात पूर्व मंत्री इमरती देवी डबरा सिटी थाने पहुंचीं। उन्होंने धरने पर बैठे पार्षदों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इमरती देवी ने कहा कि पार्षदों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई गलत तरीके से की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव से बात हुई है और एसपी डबरा आकर पार्षदों की बात सुनेंगे।
इमरती देवी के आश्वासन और बातचीत के बाद पार्षदों ने देर रात अपना धरना समाप्त कर दिया। अब पूरे मामले में पुलिस और पार्षदों के बीच बातचीत के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
