MP Jabalpur News: जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को कांग्रेस ने ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला। इसमें प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च के दौरान नेताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लिया और भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

कांग्रेस का यह मार्च शहीद स्मारक गोलबाजार से शुरू हुआ। यहां से सुपरमार्केट और बड़ा फुहारा होते हुए मार्च टाउन हॉल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मार्च करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक पहुंचकर संपन्न हुआ।

मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, विधायक जयवर्धन सिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सहित अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

आजादी के दीवानों की शहादत से हुआ संविधान का निर्माण: पटवारी

संविधान रक्षा मार्च के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश की आजादी के दीवानों ने आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए शहादत दी और संविधान का निर्माण किया। संविधान बनाने का मुख्य उद्देश्य यही था कि आने वाली पीढ़ियां इसके मूल्यों और आदर्शों की रक्षा करें। संविधान में प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए गए हैं।

पटवारी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने 25 नवंबर 1949 को अपने भाषण में संविधान के सामने तीन बड़ी चुनौतियों का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि यदि सत्ता में ऐसा व्यक्ति आ जाए, जो देश चलाने वाली संस्थाओं की अनदेखी करे, तो संविधान की मजबूती कैसे बनी रहेगी। पटवारी के मुताबिक, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है और इसी संदेश को लेकर कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकाला।

संविधान देश के अंतिम व्यक्ति के लिए सुरक्षा कवच: जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का दिया संविधान किसी एक वर्ग या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति के लिए सुरक्षा कवच है। कांग्रेस की परंपरा संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और समावेशी विकास को सर्वोपरि रखने की रही है।

उन्होंने कहा कि संविधान की भावना को जमीन पर उतारने और देश के प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने का संकल्प लिया गया है। आजादी के लिए कांग्रेस के संघर्ष और बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसी संघर्ष की बदौलत देश आज स्वतंत्र है।

वोट चोरी के मुद्दे पर पटवारी ने भाजपा को घेरा

पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को संकट में डाला जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा पर वोट चोरी के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा और मौजूदा चुनाव आयुक्त ने कांग्रेस की आशंकाओं को सही साबित किया है। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने षड्यंत्रपूर्वक संवैधानिक परंपराओं में बदलाव किया और इसके बाद प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय गृह मंत्री ने चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार को चुना।

उमंग सिंघार बोले- भाजपा पहले बाबा साहेब का संविधान पढ़े

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी, परीक्षा प्रणाली, मीडिया पर अंकुश और जंगल की जमीन उद्योगपतियों को सौंपने जैसे मुद्दे उठाए। सिंघार ने कहा कि देश चलाने से पहले भाजपा को बाबा साहेब का संविधान अच्छी तरह पढ़ लेना चाहिए।

सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है और ज्ञानेश कुमार के माध्यम से वोट चोरी कर लोकतंत्र तथा जनता के संवैधानिक अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेगी। सिंघार ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देश को दोबारा गुलाम नहीं बनने देगी।

संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर विवेक तन्खा ने उठाए सवाल

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर के बाद संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक सत्र को लेकर कोई सूचना नहीं है। तन्खा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष अपनी सुविधा और विधेयक पारित कराने के हिसाब से संसद बुलाता है, जो निर्वाचित सांसदों का अपमान है।

आपातकाल का समर्थन नहीं करता: विवेक तन्खा

आपातकाल से जुड़े सवाल पर विवेक तन्खा ने कहा कि उस समय संविधान के प्रावधानों के तहत आपातकाल लगाया गया था, लेकिन वह इसका समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जिसकी संविधान, संसद, कार्यपालिका और न्यायपालिका के प्रति सच्ची आस्था हो। तन्खा ने बताया कि उनके पिता उन दो जजों में से एक थे, जिन्होंने आपातकाल के विरोध में पहला फैसला दिया था।