नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की चयन समिति में बड़े बदलाव किए हैं। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का नया चेयरमैन यानी चीफ सेलेक्टर बनाया गया है। वह अजीत अगरकर की जगह लेंगे। वहीं, पूर्व क्रिकेटर रमेश पोवार को भी चयन समिति में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
CAC ने पूरी की चयन प्रक्रिया
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने चयन प्रक्रिया पूरी की। मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदनों की जांच और इंटरव्यू के बाद रमेश पोवार के नाम पर सहमति बनी।
रमेश पोवार का ऐसा रहा क्रिकेट करियर
रमेश पोवार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी काम किया। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम, मुंबई और गुजरात के मुख्य कोच रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी संभाली है।
चयन समिति में ये खिलाड़ी शामिल
प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली चयन समिति में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति की जिम्मेदारी खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम की जरूरतों के आधार पर भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करना होगा।
अजीत अगरकर के योगदान की सराहना
बीसीसीआई ने पूर्व चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल के लिए आभार जताया है। अगरकर को जुलाई 2023 में चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया था। बोर्ड के मुताबिक, उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने कई महत्वपूर्ण खिताब अपने नाम किए।
