Dhar Accident News: धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महू-नीमच फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल बच्ची को एंबुलेंस की मदद से बदनावर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के शवों को सड़क पर रखकर महू-नीमच फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। एक घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के कारण रतलाम-इंदौर मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने ग्रामीणों से की बातचीत
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और जाम खुलवाने की कोशिश की। हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
