Women’s Asia Cup 2026 IND vs PAK: दुबई। महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत ने पाकिस्तान को महज 55 रन पर ऑलआउट करने के बाद 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की उड़ाई धज्जियां

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पाकिस्तान की ओर से शावल जुलफिकार ने 14 और मुनीबा अली ने 13 रन बनाए। भारत के लिए श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 और शैफाली वर्मा ने 1 विकेट हासिल किया।

हरमनप्रीत और दीप्ति ने दिलाई आसान जीत

56 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत भी थोड़ी लड़खड़ाई और टीम ने शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 गेंदों में 18 रन और दीप्ति शर्मा ने 14 गेंदों में 12 रन नाबाद बनाकर टीम को जीत दिला दी। पाकिस्तान की ओर से फातिमा सना ने भारत के तीनों विकेट लिए।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपना शानदार विजयी अभियान जारी रखा। इससे पहले भारत थाईलैंड और हांगकांग को भी हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका था।

IND vs PAK मैच के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, गुनालन कमलिनी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव

पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एमान फातिमा, तुबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, मोमिना रियासत, इमान नसीर, वहीदा अख्तर