Breaking News

सांवेर: इंदौर के पास सांवेर में बुधवार शाम जर्जर मकान तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टशन चौराहे के पास मकान तोड़ते समय अचानक पास के दूसरे मकान की पुरानी और जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान चंदा बाई, सीमा बाई, सुशीला बाई और रीना बाई के रूप में हुई है।

मलबे में दबे लोगों को जेसीबी से निकाला

हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने मलबे में दबे पांच लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर घायलों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।

‘नेताजी’ के नाम से प्रसिद्ध जर्जर मकान को तोड़ते समय हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टशन चौराहे के पास जिस जर्जर मकान को तोड़ा जा रहा था, वह स्थानीय स्तर पर ‘नेताजी’ के नाम से प्रसिद्ध है। मकान को तोड़ने के दौरान पास स्थित दूसरे मकान की पुरानी और जर्जर दीवार अचानक ढह गई। इसी के नीचे मजदूर और अन्य लोग दब गए।

एक महीने पहले गिरा था मकान का छज्जा

स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस मकान को तोड़ा जा रहा था, उसका छज्जा करीब एक महीने पहले ही गिर गया था। इसके बाद लोगों ने नगर परिषद को इसकी सूचना दी थी। बताया जा रहा है कि नगर परिषद की ओर से मकान मालिक को मकान खाली करने का नोटिस भी दिया गया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

मकान मालिक गिरफ्तार

घटना के समय मकान मालिक ठेकेदार के साथ मौके पर मौजूद था। हादसे के बाद पुलिस ने मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

शाम सवा छह बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस और नगर परिषद की टीम ने शाम करीब सवा छह बजे तक जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। घटनास्थल पर जमा भीड़ को पुलिस ने हटाया। वहीं मृतकों और घायलों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से भीड़ जमा हो गई।

मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा

हादसे के बाद मंत्री तुलसी सिलावट ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सांवेर क्षेत्र में मौजूद सभी जर्जर मकानों को चिन्हित किया जाएगा और जरूरत के अनुसार उन्हें तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद प्रशासन ने जर्जर भवनों को लेकर कार्रवाई तेज करने की बात कही है।