MP Khandwa News: खंडवा: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के बयान पर हरदा से कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने ने तीखा पलटवार किया है।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कार्यक्रम को बताया था ‘सर्कस’
विवाद की शुरुआत खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्होंने सुना है कि इंदौर में सर्कस का शो होने वाला है। सांसद के इस बयान के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।
रामकिशोर दोगने बोले- ‘उन्हीं की भाषा में देंगे जवाब’
खंडवा में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पहुंचे हरदा विधायक रामकिशोर दोगने ने सांसद के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके पद की गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए।
दोगने ने कहा कि अगर बीजेपी इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करेगी, तो कांग्रेस भी उन्हें उसी भाषा में जवाब देगी। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी भी की।
‘पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की आवाज हैं राहुल गांधी’
कांग्रेस विधायक ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन नेताओं को बयान देते समय पद और लोकतांत्रिक गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों की आवाज उठाते रहे हैं।
दोगने के मुताबिक, इंदौर में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को मंच देने का काम करेगा। राहुल गांधी के दौरे से पहले बीजेपी और कांग्रेस के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।
