मुंबई: दिग्गज अभिनेत्री और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों को डेंगू होने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘सोहनी माहीवाल’, ‘ये वादा रहा’ और ‘नाम’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वालीं पूनम ढिल्लों की तबीयत को लेकर खबर सामने आने के बाद उनके फैंस चिंतित हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

अब कैसी हैं पूनम ढिल्लों?

फिल्म पत्रकार विक्की लालवानी ने अपने लेटेस्ट पोस्ट में अभिनेत्री का हेल्थ अपडेट साझा किया है। उनके मुताबिक, उन्होंने सुबह पूनम ढिल्लों को मैसेज कर उनकी तबीयत के बारे में पूछा था। जवाब में अभिनेत्री ने बताया कि अब उनकी हालत पहले से बेहतर है और वह रिकवर कर रही हैं। पूनम ढिल्लों के इस अपडेट के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

CINTAA विवाद के बीच अस्पताल में भर्ती

पूनम ढिल्लों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब CINTAA में नेतृत्व को लेकर विवाद चल रहा है। पिछले दिनों संगठन की कार्यकारी समिति के 11 सदस्यों ने इस्तीफा दिया था। इनमें आठ निर्वाचित सदस्य शामिल थे। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन में पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। साथ ही नए चुनाव कराने की मांग भी सामने आई थी।

उपासना सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप

CINTAA की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने पूनम ढिल्लों और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे पर संगठन में कथित तौर पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि जो सदस्य पूनम ढिल्लों के फैसलों से सहमत नहीं होते, उन्हें शो-कॉज नोटिस भेजे जाते थे।

हालांकि, पूनम ढिल्लों ने इन आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि वह किसी भी तरह के ‘कीचड़ उछालने वाले खेल’ में शामिल नहीं होना चाहतीं। फिलहाल अभिनेत्री का मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनके मुताबिक उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।