मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के 7वें संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने फिनटेक क्षेत्र से जुड़े एग्ज़िबिटर्स और प्रतिनिधियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने भारत की तेज आर्थिक वृद्धि, फिनटेक सेक्टर की भूमिका और देश के प्रति वैश्विक भरोसे में हो रही बढ़ोतरी का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फिनटेक की ऊर्जा के बीच इन दिनों मुंबई की सांस्कृतिक ऊर्जा भी चरम पर है। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में महाराष्ट्र समेत पूरे देश में गणेशोत्सव शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत में हर शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश को याद किया जाता है और उन्होंने गणपति बप्पा को नमन करते हुए ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के लिए शुभकामनाएं दीं।
GFF में PM मोदी ने लगाई ‘हैट्रिक’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज यहां एक और हैट्रिक लगी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में तीसरी बार सरकार बनने के साथ एक हैट्रिक लगी थी और अब ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में लगातार तीसरे वर्ष शामिल होने की हैट्रिक पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि यह हैट्रिक दिखाती है कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में फिनटेक सेक्टर कितना महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी वह इस आयोजन में आते हैं, उन्हें पहले से अधिक युवा चेहरे, ज्यादा ऊर्जा और संभावनाओं का बढ़ता दायरा दिखाई देता है।
7.8% की ग्रोथ से दुनिया में बढ़ा भरोसा
प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय टकराव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। एनर्जी और कमोडिटी की सप्लाई चेन पर दबाव बना हुआ है और अप्रैल से जून की तिमाही सबसे मुश्किल रही। उन्होंने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल के बावजूद जब भारत 7.8 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ता है, तो इससे पूरी दुनिया में भारत को लेकर नया भरोसा पैदा होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें फिनटेक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी यह बढ़ता हुआ भरोसा साफ दिखाई दे रहा है।
जापान की रेटिंग एजेंसी के अपग्रेड का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने भारत की सॉवरेन रेटिंग में हुए सुधार को भी वैश्विक भरोसे का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में जापान की एक क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को ‘A’ कैटेगरी में अपग्रेड किया है। उन्होंने कहा कि रेटिंग में यह सुधार निश्चित रूप से खुशी की बात है और यह भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाता है।
