ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया के खिलाफ की गई है। आरोप है कि केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी को इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाने के लिए कई बार पत्र भेजे जाने के बावजूद सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया था बंदी
दरअसल, केंद्रीय जेल ग्वालियर में बंद नरहरी पुत्र रामभरोसे को जेएएच ग्वालियर के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मेडिकल जांच और फॉलोअप के लिए एम्स अस्पताल, नई दिल्ली रेफर किया था। बंदी को इलाज के लिए दिल्ली ले जाने के लिए जेल अधीक्षक की ओर से रक्षित निरीक्षक ग्वालियर को कई बार पत्र लिखकर सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई थी।
बार-बार पत्र भेजने के बावजूद नहीं मिला सुरक्षा गार्ड
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आदेश के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि जेल अधीक्षक की ओर से लगातार पत्राचार किए जाने के बावजूद बंदी को दिल्ली ले जाने के लिए सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। इस मामले में आरक्षक क्रमांक 1723 देवेंद्र भदौरिया और रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार की ओर से कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाई गई।
एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
मामले में शुरुआती जांच के आधार पर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद दोनों को पुलिस लाइन ग्वालियर अटैच किया गया है।
हाईकोर्ट ने भी पुलिस और जेल प्रशासन को लगाई थी फटकार
बता दें कि बंदी नरहरी को इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेजने के मामले में ग्वालियर हाईकोर्ट ने भी गृह विभाग और जेल विभाग के बीच समन्वय की कमी पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने दोनों विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने की जरूरत बताई थी। इसके बाद पुलिस विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
विस्तृत जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि बंदी को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में देरी के लिए किस स्तर पर कितनी जिम्मेदारी तय होती है।
