CM Mohan Yadav

MP Cabinet Meeting: भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को राजधानी भोपाल में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विकास, किसानों और ग्रामीणों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा परीक्षा अब साल में दो बार आयोजित की जाएगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है।

9 जिला सहकारी बैंकों को मिलेंगे 325 करोड़ रुपये

कैबिनेट ने प्रदेश के 9 जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी मिलेगी। इसके अलावा नई पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया के चलते प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टालने का फैसला लिया गया है।

1,834 मजरों-टोलों तक पहुंचेगी बिजली

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा के विस्तार के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली आबादी के 1,834 मजरों-टोलों में रहने वाले करीब 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी रहेगी। वहीं 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में राज्य सरकार अपने बजट से बिजली की व्यवस्था करेगी।

ओंकारेश्वर की एकात्म धाम परियोजना जारी रहेगी

कैबिनेट ने ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से बन रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफे स्थापित किए जाएंगे। इन कैफे के माध्यम से विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खान-पान और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। प्रदेश की 7 प्रमुख जनजातीय कलाकृतियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को जीआई टैग दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

खनिज रॉयल्टी से आय बढ़ाकर 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य

प्रदेश में खनिज से होने वाली आय बढ़ाने के लिए खनिज विकास निगम पूरे प्रदेश में सर्वे कराएगा। इस काम में भारत सरकार का सहयोग भी लिया जाएगा। सर्वे से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण कर खनिज संसाधनों के विकास की योजना तैयार की जाएगी। वर्तमान में खनिज रॉयल्टी से प्रदेश को 12,170 करोड़ रुपये की आमदनी होती है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। नई खदानों के विकास पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

सरकार के अगले दो साल की कार्ययोजना बनेगी

प्रदेश सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के विजन को लेकर 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन होगा। इसके निष्कर्षों के आधार पर 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें सरकार के अगले दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

ग्रामीणों को आवासीय भूमि की नि:शुल्क रजिस्ट्री

मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के आबादी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आवासीय भूमि की नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा दी जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं और यह काम लगातार जारी है।

ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के पहले चरण को मिली गति

मंत्री ने बताया कि जुलाई 2026 में ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की स्थापना की पहल शुरू की गई थी। भोपाल में हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में इसके प्रथम चरण के लिए 25 उद्योगपतियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र सौंपे गए हैं। इसके लिए 40 अन्य उद्यमियों के आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। साथ ही परियोजना के दूसरे चरण को भी मंजूरी दी गई है।

कूनो में चार शावकों के जन्म से बढ़ी चीतों की संख्या

कूनो में चार शावकों के जन्म के साथ भारत में जन्मे चीतों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। मंत्री के मुताबिक, वर्तमान में देश में कुल 62 चीते हैं, जिनमें से 43 का जन्म भारत में हुआ है। इसे वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।