MP Bhopal News: भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार देखने को मिला है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय के सामने एक पोस्टर लगाया है, जिस पर ‘मेटा का बेटा’ स्लोगन लिखा गया है। इस पोस्टर के जरिए युवा कांग्रेस ने मेटा और बीजेपी पर निशाना साधते हुए अपना विरोध दर्ज कराया है।

दरअसल, मेटा के दफ्तर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद अब भोपाल में भी विरोध का सिलसिला देखने को मिला है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय के सामने पोस्टर लगाकर सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जाने के मुद्दे को उठाया है।

बीजेपी के इशारे पर अकाउंट बंद करने का आरोप

युवा कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी के इशारे पर मेटा द्वारा कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर संगठन ने पोस्टर के जरिए बीजेपी और मेटा के खिलाफ अपना विरोध जताया है।

जिलाध्यक्ष अंकित दुबे ने कार्यकर्ताओं के साथ लगवाया पोस्टर

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित दुबे ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बीजेपी कार्यालय के सामने यह पोस्टर लगवाया। पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।