भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के नए महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। 1991 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी और वर्तमान में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के डीजी उपेंद्र कुमार जैन का नाम नए डीजीपी के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, UPSC पैनल में नाम शामिल होने के बावजूद अब तक नियुक्ति का अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है। इस देरी के पीछे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से उपेंद्र जैन की करीबी रिश्तेदारी को संभावित राजनीतिक मुद्दा माना जा रहा है। वहीं, मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना को सेवा विस्तार देने का विकल्प भी चर्चा में है।
20 नवंबर को UPSC ने तैयार किया था पैनल
मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके उत्तराधिकारी के चयन के लिए 20 नवंबर को दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की बैठक हुई थी। बैठक में मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी भी शामिल हुए थे। इसमें तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार किया गया। पैनल में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, उपेंद्र जैन के प्रशासनिक अनुभव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उनके पुराने परिचय को देखते हुए उनके नाम पर सहमति बनने की चर्चा थी। हालांकि, नियुक्ति का अंतिम आदेश अभी जारी नहीं हुआ है।
ज्ञानेश कुमार से रिश्तेदारी बन सकती है राजनीतिक मुद्दा
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि उपेंद्र जैन की मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से करीबी रिश्तेदारी को लेकर सरकार राजनीतिक विवाद की आशंका से सतर्क है। विपक्ष इस रिश्तेदारी को हितों के टकराव का मुद्दा बनाकर सरकार पर सवाल उठा सकता है। ऐसे में नियुक्ति के फैसले को लेकर सरकार राजनीतिक और प्रशासनिक पहलुओं पर विचार कर रही है।
कैलाश मकवाना को सेवा विस्तार देने का विकल्प
नए डीजीपी की नियुक्ति में देरी के बीच मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना को सेवा विस्तार देने की चर्चा भी सामने आई है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि सरकार उन्हें तीन से छह महीने का एक्सटेंशन देने के विकल्प पर विचार कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।
यूपी चुनाव के बाद नियुक्ति को लेकर अटकलें
चर्चा यह भी है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल बदलने पर उपेंद्र जैन की नियुक्ति का रास्ता साफ हो सकता है। तब तक कैलाश मकवाना को करीब तीन महीने का सेवा विस्तार दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, नए डीजीपी की नियुक्ति या मौजूदा डीजीपी के सेवा विस्तार को लेकर सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
