Jabalpur Crime News: जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नेपियर टाउन की रहने वाली बुटिक संचालिका 43 वर्षीय वंदना अग्रवाल ने एक दंपति पर 42 लाख 20 हजार रुपए और करीब 5 तोला सोने के कंगन हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, दंपति ने हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे और गारंटीड कमाई का भरोसा दिलाकर उनसे रकम और सोना लिया। इसके बाद दोनों फरार हो गए। वंदना ने 22 नवंबर को कैंट थाने में लिखित शिकायत दी है।

तीन साल पहले व्यापार के सिलसिले में हुई थी पहचान

वंदना अग्रवाल के मुताबिक, करीब तीन साल पहले व्यापार के सिलसिले में उनकी पहचान सदर कैंट निवासी रश्मी कौर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच मित्रतापूर्ण संबंध बन गए। इसके बाद रश्मी और उनके पति मनवीर सिंह पाल ने शेयर मार्केट में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। दंपति ने हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक गारंटीड मुनाफा देने की बात कही।

कई किस्तों में दिए लाखों रुपए

शिकायत के अनुसार, शुरुआत में वंदना ने निवेश को लेकर आशंका जताई, लेकिन दंपति ने इसे सुरक्षित बताते हुए भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने 2 मई 2024 को रश्मी को 2 लाख रुपए नकद दिए। फिर 12 अक्टूबर 2024 को 1.70 लाख रुपए, 15 मार्च 2025 को 10 लाख रुपए और 2 नवंबर 2025 को 3 लाख रुपए सौंपे।

रिश्तेदारों से रकम लेकर भी दंपति को दी

वंदना ने शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों से भी पैसे लेकर दंपति को दिए। 14 मई और 15 जून 2025 को 50 हजार और 4 लाख रुपए दिए गए। इसके अलावा 14 मई को 2.5 लाख रुपए और 16 जून 2025 को 6 लाख रुपए खाते के माध्यम से ट्रांसफर करवाए गए।

इसके बाद 21 जून 2025 को 2.5 लाख रुपए नकद और करीब 5 तोला सोने के कंगन भी दिए। वहीं, 27 और 28 जुलाई 2026 को 5 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए ऑनलाइन माध्यम से दिए गए।

पैसे वापस मांगने पर करने लगे टालमटोल

शिकायत के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों से रिश्तेदार दंपति से मुनाफे सहित अपनी रकम वापस मांग रहे थे। इसके बाद वंदना ने भी उनसे पैसे लौटाने के लिए कहा। आरोप है कि दंपति शेयर मार्केट में उछाल का हवाला देकर रकम लौटाने में टालमटोल करने लगे।

घर पहुंचीं तो मिले 25 से 30 लोग, फिर फरार होने की मिली जानकारी

वंदना के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को रश्मी ने फोन कर उन्हें अगले दिन यानी 17 नवंबर को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अपने घर बुलाया। जब वह वहां पहुंचीं तो पहले से 25 से 30 लोग मौजूद थे। इन लोगों ने भी दंपति को पैसे और सोना दिया था।

बाद में वंदना को जानकारी मिली कि रश्मी कौर और मनवीर सिंह पाल सभी लोगों की रकम और सामान लेकर फरार हो गए हैं। आरोप है कि दोनों अब किसी का फोन भी नहीं उठा रहे हैं। वंदना ने दंपति पर 42 लाख 20 हजार रुपए और करीब 5 तोला सोने के कंगन लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कैंट पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।