भोपाल: मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में पहचान बनाने वाले इंदौर ने अब केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना (PM SVANidhi) के प्रभावी क्रियान्वयन में भी उपलब्धि हासिल की है। जरूरतमंद हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराने और योजना के तहत सर्वाधिक पंजीयन के मामले में इंदौर ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2026 का राष्ट्रीय पुरस्कार देकर इंदौर को सम्मानित किया है।

शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में इंदौर की ओर से महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना के विभाग प्रभारी एवं एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा (मामा), नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और राजवीर धाकड़ उपस्थित रहे। भारत सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और तोखन साहू ने इंदौर को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।

पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में इंदौर को मिली उपलब्धि

बता दें कि पीएम स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए इंदौर नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए गए। इसके लिए निगम ने कई अभियान भी चलाए और जरूरतमंद रेहड़ी-पटरी संचालकों को योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में मदद की। नगर निगम के इन्हीं प्रयासों के चलते इंदौर ने ऋण वितरण और पंजीयन के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है।

इंदौर को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर क्या बोले महापौर?

इंदौर को राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण योजना पीएम स्वनिधि के अंतर्गत इंदौर ने एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। देश में सर्वाधिक स्वनिधि पंजीयन कर जरूरतमंदों को ऋण उपलब्ध कराने के उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2026 में इंदौर को रैंक वन का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

महापौर ने बताया कि नई दिल्ली स्थित अंबेडकर भवन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और तोखन साहू के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया गया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा (मामा) और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी मौजूद रहे। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए नगर निगम की पूरी टीम और सहयोगियों को बधाई दी।

क्या है पीएम स्वनिधि योजना?

पीएम स्वनिधि योजना का पूरा नाम प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (Prime Minister Street Vendor’s AtmaNirbhar Nidhi) है। केंद्र सरकार ने इस योजना की शुरुआत 1 जून 2020 को की थी। इसका उद्देश्य सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के बैंक ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें या उसका विस्तार कर सकें। इसके माध्यम से छोटे कारोबारियों को वित्तीय सहायता देकर उनके आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जाता है।

योजना के तहत 50 हजार रुपये तक मिलता है ऋण

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र रेहड़ी-पटरी संचालकों को तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा योजना में ब्याज सब्सिडी और क्रेडिट गारंटी सहायता का भी प्रावधान है। पात्र विक्रेताओं को 30 हजार रुपये तक का यूपीआई-लिंक्ड रुपे क्रेडिट कार्ड भी उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद करना है।