पन्ना: सपनों का हकीकत में बदलना किसे कहते हैं, यह जानना हो तो पन्ना के सोनू रैकवार की कहानी जरूर पढ़नी चाहिए। रोजाना ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले सोनू की किस्मत शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के दिन ऐसी चमकी कि उनकी जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दे दी। उन्हें हीरे की खदान में 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कामयाबी के बाद ऑटो चालक सोनू के परिवार में खुशी का माहौल है।

दरअसल, डायमंड नगरी पन्ना के रहने वाले सोनू रैकवार को रानीपुर क्षेत्र में संचालित उथली खदान से 3.17 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है। महज 15 दिनों की मेहनत में हीरा मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में उनकी किस्मत की चर्चा होने लगी।

सोनू को लगातार आ रहे थे हीरा मिलने के सपने

सोनू रैकवार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें रात में सोते समय लगातार हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। नींद खुलने पर उन्हें लगता था कि काश उनका सपना सच हो जाए। एक दिन उन्होंने परिवार के सदस्यों को भी अपने सपने के बारे में बताया। इसके बाद परिवार की सहमति से उन्होंने हीरे की तलाश शुरू करने का फैसला लिया।

15 दिन पहले शुरू की थी खदान, अब चमकी किस्मत

सोनू ने हीरा कार्यालय से खदान का पट्टा लेकर पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने हीरे की तलाश में मेहनत शुरू कर दी। हैरानी की बात यह है कि महज 15 दिनों के भीतर ही उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया। इस सफलता से सोनू और उनका परिवार बेहद खुश है।

नीलामी से मिलने वाली रकम से फिर लगाएंगे खदान

सोनू रैकवार का कहना है कि हीरे की नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे आगे भी खदान लगाने में करेंगे। उनका इरादा बड़े हीरे की तलाश जारी रखने का है। सोनू ने बताया कि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं। फिलहाल उन्होंने मिले हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।

जेम्स क्वालिटी का है हीरा, आगामी नीलामी में होगा शामिल

हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, सोनू को मिला 3.17 कैरेट का हीरा जेम्स क्वालिटी का है। बाजार में इस गुणवत्ता के हीरे की अच्छी मांग है। इसे आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। हीरे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

हीरा कार्यालय में जमा हुए 175 नग हीरे

जानकारी के अनुसार, पन्ना के हीरा कार्यालय में लगातार हीरे जमा हो रहे हैं। हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि कार्यालय में अब तक कुल 175 नग हीरे जमा हो चुके हैं, जिनका कुल वजन 387.21 कैरेट है। इन सभी हीरों की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये बताई जा रही है।