नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज, रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली में विपक्षी दलों के नेता, पार्टी कार्यकर्ता, छात्र संगठन और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हो रहे हैं। रैली के जरिए विपक्ष चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा उठाएगा। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।

दोपहर 12 बजे निकलेगा मार्च, शाम 5 बजे तक जनसभा

रैली के तहत दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद मैदान में जनसभा होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। INDIA गठबंधन के बड़े नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर से खुली बसों में सवार होकर मार्च की शुरुआत वाली जगह पहुंचेंगे। इस रैली में अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत 19 विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा जवान तैनात

रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए जाएंगे। रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एक ACP अधिकारी को दी गई है। निगरानी के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। मैदान में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

आयोजकों को 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान

रैली में भीड़ को लेकर आयोजकों और दिल्ली पुलिस के अनुमान में बड़ा अंतर है। आयोजकों का दावा है कि रैली में 10 लाख तक लोग पहुंच सकते हैं, जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान है कि करीब 50 हजार लोग शामिल होंगे।

कनॉट प्लेस में भारी ट्रैफिक जाम, एंबुलेंस भी फंसी

रैली के चलते कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बताई जा रही है। कई जगहों पर रास्ते ब्लॉक होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। जाम के कारण कुछ लोग रेलवे स्टेशन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस दौरान वाहन चालकों ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि रैली के आयोजन में उनकी क्या गलती है? कुछ लोगों का कहना है कि त्योहार के बाद रैली आयोजित की जाती तो उन्हें आवागमन में परेशानी नहीं होती।

बताया जा रहा है कि लक्ष्मी नगर जाने वाली एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। सायरन बजाने के बावजूद उसे रास्ता नहीं मिल पा रहा है। एंबुलेंस में मौजूद लोगों को लगातार फोन आ रहे हैं, लेकिन जाम के कारण उसे आगे बढ़ने में परेशानी हो रही है।