नीमच। नयागांव RTO चेकपॉइंट पर 19 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे बकाया चालान को लेकर जमकर हंगामा हो गया। वाहन क्रमांक RJ49GA 4785 को चेकिंग के लिए रोका गया था। POS मशीन में वाहन नंबर डालकर जांच करने पर 6 चालान का कुल 27,500 रुपये बकाया सामने आया, जिसके भुगतान के लिए चालक को कहा गया।
जानकारी के अनुसार, बकाया चालान भरने की बात को लेकर चालक ने विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान चालक ने RTO कर्मचारी के हाथ से POS मशीन छीन ली। मशीन वापस लेने के दौरान छीना-झपटी में POS मशीन क्षतिग्रस्त हो गई।
हाईवे पर ट्रक आड़ा कर लगाया जाम
घटना के बाद ट्रक चालक और ट्रक में बैठी महिला ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि ट्रक को हाईवे पर आड़ा खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अन्य ड्राइवरों को भड़काने का आरोप
आरोप है कि इस दौरान अन्य वाहन चालकों को गुमराह कर गलत जानकारी दी गई और उन्हें भी हंगामे में शामिल किया गया। इसके बाद मार्ग पर स्थिति और बिगड़ गई तथा जाम लग गया।
आगजनी कर सरकारी संपत्ति को नुकसान
बताया गया कि कुछ अन्य ड्राइवरों के साथ मिलकर आगजनी भी की गई, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद नयागांव RTO चेकपोस्ट पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
वाहन पर 27,500 रुपये के 6 चालान बकाया
RTO जांच में वाहन क्रमांक RJ49GA 4785 पर कुल 6 चालान लंबित पाए गए, जिनकी बकाया राशि 27,500 रुपये बताई गई है। मामला नीमच के नयागांव चेकपोस्ट का है।
