छिंदवाड़ा: हर्रई जागीर में कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में पूर्व सांसद नकुलनाथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नकुलनाथ ने अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात कांग्रेस कार्यकर्ता को रास्ते में रोककर जबरन विधायक के निवास ले जाया गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता का मोबाइल छीनकर उससे गाली-गलौज भरे संदेश भी भेजे गए।
तीन दिन में कार्रवाई की मांग
ज्ञापन सौंपते हुए नकुलनाथ ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में दोषियों के खिलाफ उचित और कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है।
