देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। लोकभवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति का अधिपत्र पढ़ा। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुई।

सीएम धामी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव आनंद बर्धन और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है, जो पांच साल से अधिक समय तक उत्तराखंड के राज्यपाल रहे।

सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ जन्म

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। पेशे से चिकित्सक और कृषक बिसेन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजनीति में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

चार बार विधायक और एक बार सांसद रहे

डॉ. बिसेन वर्ष 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार में वन, परिवहन एवं खनिज तथा स्कूल शिक्षा एवं जेल विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया।

2019 में लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए

डॉ. ढाल सिंह बिसेन मई 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। सांसद के रूप में भी उन्होंने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। अब उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालने के साथ उनके लंबे राजनीतिक अनुभव की एक नई भूमिका शुरू हुई है।