मुंबई: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और राजस्थान पुलिस ने तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों को पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12939) से पकड़ा गया। कोटा पुलिस के मुताबिक, तीनों नेपाल भागने की फिराक में थे। मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भी कोटा पहुंच गई है।
बिहार और हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में ऋतिक कुमार उर्फ रोशन (22), रेहान (18) और एक नाबालिग शामिल है। ऋतिक कुमार बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है, जबकि रेहान और नाबालिग हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, रेहान मुख्य आरोपी है, जिसने कथित तौर पर बाद में अन्य आरोपियों से संपर्क किया था।
अनिल पंडित के संपर्क में होने का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल पंडित के संपर्क में थे, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जाता है। फिलहाल आरोपियों को कोटा की अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया है। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी सात राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। बताया गया कि आरोपियों ने सात राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक रिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जाने वाले अनिल पंडित और हरमन संधु ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
