सतना: मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। सतना प्रवास के दौरान खंडेलवाल ने SIR का समर्थन करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र मतदाताओं का नाम सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने कांग्रेस पर SIR को लेकर जनता में भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया।

‘राहुल गांधी को कोई न कोई मुद्दा चाहिए’

हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जानते हैं कि देश की जनता उन्हें नकार चुकी है और उनके पास लगातार चुनाव हारने का रिकॉर्ड है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से राहुल गांधी को कोई न कोई मुद्दा चाहिए। खंडेलवाल ने SIR के विरोध को भी इसी राजनीतिक अभियान से जोड़कर देखा।

राहुल गांधी और कांग्रेस SIR को लेकर चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने SIR को मतदाता सूची को अपडेट करने और अपात्र या डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया बताया है।

सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में शामिल हुए

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सतना प्रवास के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा कार्यालय में जिला कोर समिति की बैठक ली। इसके बाद दीनदयाल पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

खंडेलवाल पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह के निधन पर उनके घर भी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वे उमा रेजीडेंसी में आयोजित नमो सेवा एवं प्रबुद्ध जन व्यापारी सम्मेलन में शामिल हुए।

‘पात्र लोगों तक पहुंचें सरकार की योजनाएं’

पुरानी गल्ला मंडी परिसर के कम्युनिटी हॉल में आयोजित सेवा सूत्र कार्यक्रम में हेमंत खंडेलवाल ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सर्वे कराया जाना चाहिए और जो हितग्राही योजनाओं से वंचित हैं, उनके नाम जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।