देशस्‍वास्‍थ्‍य

दुर्ग में राशन संकट गहराया: 3 महीने से आपूर्ति ठप, 327 दुकानों में नहीं पहुंच रहा चावल

Ration crisis deepens in Durg News: दुर्ग। शहर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। वार्डों में चावल की कमी और लगातार बाधित आपूर्ति से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों से राशन वितरण (CG Ration Crisis) प्रभावित है, जिससे आमजन का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

अरुण वोरा ने किया निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक अरुण वोरा स्वयं मौके पर पहुंचे और वार्ड क्रमांक 3, 4, 52 (बोरसी) और 56 (बघेरा) का दौरा किया। उन्होंने राशन दुकानों की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से चर्चा की। लोगों ने बताया कि कई दिनों से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है।

गर्मी में बढ़ी मुश्किलें
लगभग 43 डिग्री तापमान के बीच लोग राशन के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब वर्ग को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

327 दुकानों में आपूर्ति प्रभावित
राशन दुकानदारों के अनुसार दुर्ग शहर, भिलाई और ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 327 दुकानों में पिछले तीन महीनों से आपूर्ति बाधित है। इससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।

प्रशासन पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अरुण वोरा ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर राशन आपूर्ति तत्काल बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए। वहीं, क्षेत्रवासियों ने उनकी सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना की।

Related Articles

Back to top button