छतरपुर में 108 एम्बुलेंस का दुरुपयोग: सायरन बजाकर छात्रा को ले जा रहा चालक पकड़ा, नौकरी से बर्खास्त

Misuse of 108 ambulance in Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में आपातकालीन सेवा मानी जाने वाली 108 एम्बुलेंस एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मामला तब सामने आया जब सायरन बजाते हुए दौड़ रही एम्बुलेंस में कोई मरीज नहीं, बल्कि एक कॉलेज छात्रा बैठी हुई मिली। जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस चालक ने निजी काम के लिए सरकारी वाहन का इस्तेमाल करते हुए छात्रा को बैठाकर ले जा रहा था, जिससे पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कॉलेज की लड़की के साथ पकड़ा गया एंबुलेंस चालक
मंगलवार की देर शाम की है। एक स्थानीय युवक की नजर एम्बुलेंस के अंदर बैठी लड़की पर पड़ी, जिससे उसे शक हुआ। इसके बाद युवक ने तुरंत बाइक से एम्बुलेंस का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवा लिया। जब चालक भगत सिंह यादव से पूछताछ की गई तो वह घबरा गया और सफाई देते हुए छात्रा को अपनी बहन बताया, लेकिन वह उसका नाम तक नहीं बता सका।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर ही रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। आम जनता का कहना है कि जब गंभीर मरीजों को समय पर एम्बुलेंस नहीं मिल पाती, तब इस तरह का दुरुपयोग बेहद चिंताजनक है। यह न सिर्फ सेवा की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है, बल्कि आपातकालीन व्यवस्था की निगरानी पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
एम्बुलेंस चालक नौकरी से टर्मिनेट
वहीं, जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जननी बाहन यानी 108 एम्बुलेंस के चालक को नौकरी से टर्मिनेट कर दिया है। वही वाहन के वेंडर को भी वाहन सहित हमेशा के लिए बर्खास्त कर दिया है।




