चीन में ट्यूटर की नौकरी का अनोखा ऑफर: 4 साल के बच्चे को पढ़ाने पर सालाना ₹1.8 करोड़

China Tutor Job: चीन के बीजिंग के एक अमीर फैमिली ने अपने 4 साल के बेटे के लिए ट्यूटर की तलाश में नौकरी का ऐसा ऑफर दिया है, जिसने लोगों को चौंका दिया है। इस जॉब के लिए ट्यूटर को सालाना 1 लाख 68 हजार यूरो यानी लगभग 1.8 करोड़ रुपये मिलेंगे। हालांकि, इसके साथ ही परिवार वालों की कई खास शर्तें भी हैं, आइए उनके बारे में विस्तार से जानते हैं।
ट्यूटर में होनी चाहिए ये खूबियां
डेली स्टार में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, परिवार को एक “Quintessentially English” की जानकार, शारीरिक तौर पर फिट और युवा महिला ट्यूटर की तलाश है, जो बच्चों के साथ काम करने में इंटरेस्ट रखती हो। साथ ही, उसका ऊर्जावान होना भी जरूरी है। इस फैमिली की एक मांग ये भी है कि ट्यूटर पारंपरिक और कंजरवेटिव सोच वाली होनी चाहिए, क्योंकि वे बच्चे की परवरिश भी उसी दिशा में करना चाहते हैं।
1 साल की बहन की भी निभानी होगी जिम्मेदारी
ट्यूटर को 4 साल के “अत्यधिक सक्रिय” बच्चे और उसकी 1 साल की छोटी बहन की शिक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी उठानी होगी। विज्ञापन में ये भी बताया गया कि दोनों बच्चों के बीच “सिबलिंग कॉन्फ्लिक्ट” भी है, जिसे संभालना भी ट्यूटर की भूमिका का पार्ट होगा। पढ़ाने के साथ-साथ ट्यूटर को कई नैनी के साथ मिलकर काम करना पड़ेगा।
बच्चे का एक्टिंग में है इंटरेस्ट
फैमिली चाहती है कि बच्चे को शुरुआती दौर से ही इंग्लिश, कम्युनिकेशन स्किल्स और कॉन्फिडेंस में मजबूत बनाया जाए। इसके साथ ही उसे एक “ब्रिटिश-स्टाइल” लेकिन Bicultural माहौल में ट्यूटर तैयार करे। विज्ञापन में बच्चे का इंटरेस्ट एक्टिंग में बताया गया है, जबकि माता-पिता की चाहत है कि वह मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग शुरू करे।
गौरतलब है कि यह योजना एक लंबे समय की एजुकेशन स्कीम का भाग है, जिसमें बच्चे की आगे की पढ़ाई अमेरिका या किसी इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट में कराने का टारगेट रखा गया है। इतना बड़ा पैकेज और कड़े मानदंड, इस जॉब को खास और चर्चा का विषय बना रहे हैं।




