Vivek Tankha on Delimitation Bill ग्वालियर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने परिसीमन बिल, महिला आरक्षण और संसद सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। ग्वालियर में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नंबरों का मैनिपुलेशन हो रहा है। उन्होंने कहा कि बदलाव जरूरी है, लेकिन उसे किस तरीके से लाया जा रहा है, यह भी महत्वपूर्ण है। वह इस तरह की राजनीति को साफ-सुथरा नहीं मानते।

विवेक तन्खा ने कहा कि देश का लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब फैसले स्वतंत्रता के साथ लिए जाएं। उन्होंने सवाल उठाया कि संसद का शीतकालीन सत्र अभी तक नोटिफाई नहीं किया गया है, जबकि सिर्फ एक विधेयक पारित कराने के लिए तीन दिन का सत्र बुलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह विधेयक शीतकालीन सत्र में भी लाया जा सकता था, जहां दूसरे मुद्दों और कामों पर भी चर्चा हो सकती थी। तन्खा ने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि संसद का सत्र हो और उससे सवाल पूछे जाएं। सरकार सिर्फ एक विधेयक लाकर उसे पारित कराना चाहती है, जो दुखद है।

परिसीमन से दक्षिण भारत को नुकसान होने की जताई आशंका

परिसीमन पर बोलते हुए तन्खा ने कहा कि यदि सीटों का निर्धारण आनुपातिक आधार पर किया जाता है तो दक्षिण भारत बड़े नुकसान की स्थिति में जा सकता है। उन्होंने दक्षिण भारत के सांसदों से अपने हितों पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह उत्तर भारत से आते हैं और उत्तर भारत की सीटें बढ़ने पर उन्हें खुशी होगी, लेकिन इससे दक्षिण भारत को नुकसान हो सकता है। इसलिए इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन लाने का आरोप

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विवेक तन्खा ने कहा कि यह बिल तीन साल पहले ही पारित हो चुका था और इसे लोकसभा या विधानसभा में लागू किया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण लागू नहीं करना चाहती थी और इसकी आड़ में परिसीमन को लाना चाहती है।

यूपी में कांग्रेस-सपा सीट बंटवारे पर क्या बोले तन्खा?

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की ओर से सीटों की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर विवेक तन्खा ने कहा कि उन्हें इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का नेतृत्व एक-दूसरे को अच्छी तरह जानता है और दोनों के बीच आपसी सम्मान है। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर कोई अच्छा समाधान निकल आएगा।