MP Bhopal News: भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजाभोज एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की यात्रा के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल में लापरवाही का मामला सामने आया है। घटना 23 नवंबर की बताई जा रही है, जब शिवराज सिंह चौहान भोपाल एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E-6259 से यात्रा कर रहे थे। इस मामले में केंद्रीय मंत्री के OSD भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
विमान और सीट बदलने की समय पर नहीं मिली सूचना
आरोपों के मुताबिक, यात्रा के दौरान विमान और सीट में बदलाव की जानकारी समय पर नहीं दी गई। इसके अलावा प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति के कारण रिसीविंग और लगेज प्रबंधन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा जांच और एयरोब्रिज पर इंतजार के आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुरक्षा जांच के दौरान सहयात्रियों को रोककर पूछताछ किए जाने से देरी हुई। वहीं, एयरोब्रिज पर भीड़ के बीच केंद्रीय मंत्री को इंतजार करना पड़ा। इन घटनाओं को सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था में लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।
OSD ने मंत्रालय से की जांच और कार्रवाई की मांग
केंद्रीय मंत्री के OSD भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। फिलहाल इस मामले में एयरपोर्ट प्रशासन, CISF और इंडिगो एयरलाइंस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
