Women Asian Champions Trophy: भोपाल: भारतीय महिला हॉकी टीम ने भोपाल में इतिहास रचते हुए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार को नाथू बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से शिकस्त दी। एक गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए महज पांच मिनट में तीन गोल दाग दिए। भारत की ओर से दीपिका ने दो और इशिका ने एक गोल किया। इस जीत के साथ भारत टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा चार बार खिताब जीतने वाली टीम बन गया है।

पहले हाफ में चीन ने बनाई बढ़त

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। चीन ने मैच के 25वें मिनट में गोल करके 1-0 की बढ़त बना ली। शुरुआती दो क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ी गोल करने में नाकाम रहीं। भारत ने बराबरी के लिए कई हमले किए, लेकिन चीन की मजबूत रक्षापंक्ति ने भारतीय खिलाड़ियों को गोल करने का मौका नहीं दिया।

दीपिका और इशिका के गोल से पलटा मैच

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। मैच के 38वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 42वें मिनट में इशिका ने फील्ड गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। भारतीय टीम का आक्रमण यहीं नहीं रुका। अगले ही मिनट दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने महज पांच मिनट में तीन गोल करके मैच का रुख बदल दिया।

आखिरी क्वार्टर में भारत ने बरकरार रखी बढ़त

तीसरे क्वार्टर में 3-1 की बढ़त बनाने के बाद भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा। चीन ने स्कोर कम करने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हमलों को नाकाम कर दिया। आखिरकार भारत ने 3-1 से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लीग मैच में भी चीन को 6-2 से हराया था

सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। फाइनल से पहले भारत ने लीग मुकाबले में चीन को 6-2 से हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया को भी 6-2 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी।

चार खिताब के साथ भारत ने बनाया रिकॉर्ड

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत ने अब तक चार बार खिताब जीता है। इससे पहले भारतीय टीम 2016, 2023 और 2024 में चैंपियन बनी थी। भोपाल में 2026 का खिताब जीतकर भारत ने चौथी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इससे पहले भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के नाम तीन-तीन खिताब थे। चीन को हराकर भारतीय टीम अब चार खिताब के साथ टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनने वाली टीम बन गई है।