उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में गुरुवार को प्रसिद्ध पार्श्व गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन अपनी पत्नी के साथ दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया और देश व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आकर अद्भुत आध्यात्मिक शांति मिलती है। यहां सच्चे मन से जो भी मांगा जाता है, वह अवश्य पूरा होता है।
नंदी हॉल में बैठकर की बाबा महाकाल की आराधना
शंकर महादेवन अपनी पत्नी के साथ महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ बाबा महाकाल की आराधना की। इसके बाद भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मंदिर समिति ने दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित
दर्शन के उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से परंपरा के अनुसार शंकर महादेवन का स्वागत और सत्कार किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें भगवान महाकाल का दुपट्टा, प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की
दर्शन के बाद शंकर महादेवन ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई सुगम दर्शन व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आने से मन को गहरी आध्यात्मिक शांति मिलती है। यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है।
