Mohan Yadav

MP Latest News: भोपाल। मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अगले दो साल में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे। राज्य सरकार लगातार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राष्ट्रसेवी स्व. शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील में आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

स्व. शालिगराम तोमर का व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रसेवी स्व. शालिगराम तोमर को याद करते हुए कहा कि समाज कल्याण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना चाहिए। सच्चाई को धारण करते हुए अच्छाइयों को व्यवहार में लागू करने की अद्भुत प्रतिभा स्व. तोमर के व्यक्तित्व में देखने को मिलती थी।

उन्होंने कहा कि छोटे से स्थान से निकलकर अपनी संगठन क्षमता के बल पर युवाओं को सद्कार्यों से जोड़ना उनकी विशेषता थी। आपातकाल के कठिन और चुनौतीपूर्ण समय में भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल दिया। गौशाला से लेकर ग्राम विकास के अनेक प्रकल्पों में उन्होंने पहल की। उनके विचारों और कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलायकलां में आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर स्थानीय स्तर पर की गई सराहनीय पहल है। विभिन्न स्वास्थ्य जांचों के माध्यम से लोगों को अपनी बीमारियों और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी मिलेगी। इससे वे समय रहते आवश्यक सावधानियां बरत सकेंगे और उपचार करा सकेंगे। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का विस्तार आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। प्रदेश के कई स्थानों पर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। इसका परिणाम है कि अब लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। आयुष्मान योजना से भी आम लोगों को काफी लाभ मिला है।

गंभीर मरीजों के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की है। दुर्घटनाओं में घायलों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए राहवीर योजना संचालित की जा रही है। इसके अलावा सभी जिलों में मानव गरिमा को ध्यान में रखते हुए शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

लाड़ली बहना और किसान कल्याण योजनाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। प्रदेश में सड़क नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। इससे व्यापार, व्यवसाय और शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रगति होगी। लाड़ली बहना योजना की निरंतरता सुनिश्चित की जा रही है। सांदीपनि विद्यालयों और चिकित्सा महाविद्यालयों का विस्तार भी जारी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास और खुशहाली के लिए काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र हितग्राही को उनसे जोड़ने में स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं को सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।