Rahul Gandhi Indore Visit: इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार, 19 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे। वे यहां आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान में आयोजित किया जा रहा है।
राहुल गांधी दोपहर करीब 1.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक उनके स्वागत के लिए अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम रखे गए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक लवकुश चौराहा, एमआर-10 चौराहा, विजय नगर चौराहा और रेडिसन होटल के समीप स्वागत किया जाएगा।
शाम 5 बजे कार्यक्रम स्थल के लिए होंगे रवाना
राहुल गांधी शाम करीब 5 बजे रेडिसन होटल से रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम स्थल पर वे करीब साढ़े तीन घंटे रहेंगे। हालांकि मंच पर उनकी मौजूदगी करीब एक घंटे रहने की जानकारी है। इसके बाद रात करीब 9 बजे वे इंदौर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संवाद प्रस्तावित है। राहुल गांधी ने इससे पहले छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अनुभव और सुझाव साझा करने की अपील की थी।
कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। ट्रैफिक दबाव और आवश्यकता के अनुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक 13 मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि 5 मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और परिवर्तित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर पहुंचने से बचने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार पीक-एंड-ड्रॉप व्यवस्था और किराये के दोपहिया वाहनों का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है। पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी कड़ी
कार्यक्रम के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयोजन स्थल, पार्किंग और मंच से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर आयोजकों को शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के बाद इसे 19 सितंबर के लिए तय किया गया था। बाद में रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में कार्यक्रम की अनुमति मिली।
