MP Weather Alert: भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी मध्यप्रदेश और उससे लगे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले दो दिनों तक लगभग इसी क्षेत्र में बना रह सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 5 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से विदिशा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुरकलां, सागर और छतरपुर में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भोपाल, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सतना, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।
वहीं बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
निचले इलाकों में जलभराव की आशंका
लगातार बारिश के चलते नदियों, नालों और जलाशयों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान पर आने और कुछ स्थानों पर सड़क व पुल प्रभावित होने की आशंका जताई है। प्रदेश में पहले से ही कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और कुछ नदियों में जलस्तर बढ़ा है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी है।
