भोपाल: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को भोपाल में कांग्रेस विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी। इस मार्च के माध्यम से प्रदेश में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ और ‘वोट रक्षक अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सभी जिलों से कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेशभर में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले चरण में 22 नवंबर तक सभी जिलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही मंडलम अध्यक्षों, बीएलए, बूथ समिति सदस्यों और युवा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मतदाता सूची से हटाए गए नामों का होगा सत्यापन
22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक बूथ स्तर पर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे। इस काम की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी।
गांवों में लगेंगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’
29 नवंबर से 15 दिसंबर तक सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सोशल मीडिया के जरिए भी चलाया जाएगा अभियान
अभियान के तहत प्रतिदिन आयोजित कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। नागरिकों को www.iamvoterakshak.com के माध्यम से वोट रक्षक अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुकेश नायक ने सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक और मंडलम अध्यक्षों सहित मोर्चा-संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारियों से अभियान को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा और प्रत्येक पात्र मतदाता के वोट का संरक्षण जरूरी है।
