इंदौर। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रॉन्ग साइड वाहन चलाने और खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ इंदौर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विशेष अभियान के तहत अब तक 21 वाहन चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

लापरवाही से दूसरों की जान भी खतरे में

यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में ऐसे वाहन चालकों की पहचान की जा रही है, जो तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड या लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर सड़क पर अपनी और दूसरे लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सामने आए मामलों का विश्लेषण करने के बाद 21 वाहन चालकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कराया है। इन मामलों में अन्नपूर्णा, बाणगंगा, एरोड्रम, विजय नगर, खजराना, भंवरकुआं, कोतवाली, तेजाजी नगर, पलासिया और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई है।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे वाहन चालक न केवल खुद बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर सहित अन्य कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।